इटावा। कोरोना काल में ढाई माह से बंद तहसील समाधान दिवस का शनिवार को आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लेकिन फरियादियों को निराशा ही हाथ लगी। उनकी शिकायतें का समाधान नहीं हो सका।
ऊसराहार संवाद प्रतिनिधि के अनुसार ताखा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 23 शिकायतें आई। मौके पर निस्तारण किसी का भी नहीं हो सका। सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की दर्ज की गई । डीएम श्रुति सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे ऊसराहार के अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि इटावा में श्रम विभाग के आवासीय बालक एवं बालिका विद्यालय को वर्ष 2018 मे राशन की सप्लाई निविदा के आधार पर की थी। इसका भुगतान अभी तक नहीं मिला है। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष संदीप यादव ने ताखा क्षेत्र से गुजरने वाले बंबों में पानी न छोड़े जाने के कारण किसानों की हजारों बीघा फसल सूखने की शिकायत की। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फोन करके तत्काल रजबहों में पानी छोड़ने के निर्देश दिए। संदीप ने ताखा मे गोशाला चालू ने होने से छुट्टा घूम रहे गोवंश से किसानों की फसलों को नुकसान की भी शिकायत की। अजय निवासी कुरखा ने खेतों पर सिंचाई के लिए बनी गूलों को दंबगों द्वारा तोड़े जाने से खेतों तक पानी न पहुंचने की शिकायत की।
वकील विनय कुमार ने अपने साथियों के साथ पिछले चार माह से किसानों की जमीनों को दाखिल खारिज न किए जाने की शिकायत की। समाधान दिवस में एसएसपी डा.बृजेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ.भगवान दास, एसडीएम ताखा सत्यप्रकाश मिश्रा, तहसीलदार जगदीश सिंह, डीआईओएस राजू राणा, बीएसए उमानाथ, बीईओ उपेंद्र भारतीय, एसडीओ महेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष तेजसिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भरथना संवाद प्रतिनिधि के अनुसार एडीएम जय प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस के दौरान 25 फरियादियों ने शिकायत की। जिसमें 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। चकरनगर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें पुलिस विभाग की आयी। यहां 23 शिकायतें दर्ज करायी गई। नगर के मोहल्ला कल्याण नगर के अनिल कुमार तिवारी ने मोहल्ले में नाली के खड़ंजा बनवाए जाने की मांग की। बार एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर सिंह यादव आदि अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में बंद पड़े वाटर कूलर, सरकारी नल को ठीक कराने की मांग की। यहां तहसीलदार हरिश्चंद्र, सीओ विजय सिंह, बीडीओ राजेश कुमार मिश्रा, एडीओ कृषि सुरेंद्र दुबे, एसडीओ राहुल कुमार, ईओ रामआसरे कमल आदि मौजूद रहे।
जसवंतनगर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में ग्राम फुलरई के प्रधान वीर सिंह ने लेखपाल की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वह जनता को बेवजह परेशान करता है। यहां 23 शिकायतें दर्ज हुईं। इस दौरान बीडीओ ऋतु प्रिया, सीओ राजीव प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अविनाश चौधरी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह, ईओ रामेंद्र सिंह यादव आदि रहे।