बकेवर। जनता डिग्री कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम शृंखला के तहत मंगलवार को विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छह छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। बीएससी गणित प्रथम सेमेस्टर के छात्र सालोम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीएससी गणित तृतीय सेमेस्टर की छात्रा प्रेरणा वर्मा द्वितीय तथा बीएससी कृषि तृतीय सेमेस्टर की छात्रा आर्या सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने की। निर्णायक मंडल में डॉ. एके पांडेय, डॉ. नवीन अवस्थी एवं डॉ. देवेंद्र कुमार यादव शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और वाक्पटुता के आधार पर किया। प्राचार्या प्रो. नलिनी शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में मंच पर बोलने की झिझक दूर करने के साथ आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता प्रभारी लेफ्टिनेंट ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि सभी छह प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्राचार्या एवं निर्णायक मंडल ने विजेताओं को बधाई दी। इस दौरान डॉ. आदित्य कुमार, डॉ. योगेश शुक्ला, डॉ. सत्यार्थ प्रकाश मौर्य समेत महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।