सैफई महोत्सव का शानदार आगाज शुक्रवार को होगा। महोत्सव को
लेकर सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। मंच के साथ ही पंडाल को विशेष रूप में
सजाया गया है। उद्घाटन अवसर पर सपा सुप्रीमो के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश
यादव उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन राज्यसभा सदस्य जया बच्चन करेंगी।
सैफई 17वें महोत्सव के लिए पूरी तरह से तैयार है। 26 दिसंबर से 08 जनवरी तक चलने वाले महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महोत्सव की मंच को कारीगरों द्वारा आकर्षक रूप दिया गया है। पूरा पंडाल बिजली की झालरों से जगमगाता नजर आया।
उद्घाटन का मुख्य कार्यक्रम चंदगीराम स्टेडियम में होगा। यहां इटावा-मैनपुरी के दो हजार स्कूली बच्चे लोकधारा कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। रात में महोत्सव पंडाल में देवी जागरण होगा। महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रहेगी। गुरुवार को एसएसपी डॉ. राकेश सिंह, एएसपी सर्वानंद यादव ने पुलिस अफसरों को ड्यूटी बताई।
सुरक्षा व्यवस्था की दुष्टि से पांच एएसपी, 18 डिप्टी एसपी जिसमें 14 गैरजनपद से, 25 थानाध्यक्ष जिसमें बीस गैरजनपद से, 176 दरोगा जिसमें 140 गैरजनपद से 774 आरक्षी जिसमें 580 गैरजनपद से तैनात किए गए हैं। शुक्रवार को स्टेडियम में उद्घाटन अवसर पर सुरक्षा की दृष्टि से दो एएसपी, पांच सीओ, दस एसओ, 25 दरोगा, 200 सिपाही, 28 महिला आरक्षी व तीन कंपनी पीएसी तैनात की गई है।