उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान की ओर से संचालित पैरा मेडिकल महाविद्यालय में शुक्रवार की रात फ्रेशर पार्टी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डा. ब्रिगेडियर टी प्रभाकर ने किया। पार्टी में छात्र-छात्राओं ने फिल्मी गीतों पर नृत्य पेशकर दर्शकों का दिल जीत लिया। सैफ और नरेंद्र संयुक्त रूप से मिस्टर फ्रेशर चुने गए जबकि कविता एवं प्रिंसी मिस फ्रेशर चुनी गईं।
सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुए। इसके बाद शिवानी यादव, सीना, कामिनी यादव, निधि, चांदनी यादव, स्वाती यादव, रसना, अपेक्षा, आशू, काजल, अंजली दुर्गा, शैलेंद्री, राजनंदनी, प्रवीन सक्सेना, नरेंद्र, अनुज, रामनरेश, अंजली आदि ने एकल नृत्य के साथ ग्रुप डांस किया।
संस्थान के निदेशक डा. ब्रिगेडियर टी प्रभाकर ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत व्यक्ति को समय-समय पर अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों से ही कोई व्यक्ति अपने पेशे की बारीकियों को सीखता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि वह ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करेंगे तो उन्हें व्यावसायिक संतुष्टि के साथ ही नई चीजें सीखने में भी मदद मिलेगी।
संस्थान के अपर निदेशक प्रशासन राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि एक अच्छे तकनीकी स्टाफ को लगातार अध्ययन तथा सीखने की आवश्यकता होती है। संकाय अध्यक्ष प्रो केएम शुक्ला ने कहा कि चिकित्सकीय पेशा पूरी तरह टीम वर्क पर आधारित है।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को अपने अंदर टीम भावना का विकास करना चाहिए। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. अरुण नागरथ, संकाय अध्यक्ष प्रो. केएम शुक्ला, डॉ. जितेंद्र मथुरिया आदि मौजूद रहे।