इटावा। हाईकोर्ट के निर्देश पर सेंट्रल जू अथारिटी (सीजेडए) की टीम सोमवार को लायन सफारी का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के लिए सफारी प्रशासन सारी तैयारी करने में जुटा रहा। सीजेडए की ओर से मांगे गए कागजात भी तैयार किए जाते रहे। सफारी के डायरेक्टर संजय श्रीवास्तव व डिप्टी डायरेक्टर अनिल पटेल सफारी की व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।
सीजेडए की टीम कोर्ट के निर्देशानुसार सफारी में पहुंचकर यह पता लगाएगी कि लायन सफारी शेरों को रखने के लिए सुरक्षित स्थल है या नहीं। यहां पर शेरों के रखरखाव में कहीं कोई खामियां तो नहीं है। सूत्रों के अनुसार इसके लिए टीम लायन सफारी के ब्रीडिंग सेंटर, वेटनरी अस्पताल, एनिमल हाउस, शेरों के इन्क्लोजर, कोर जोन, पेयजल व्यवस्था, पैथालॉजी का निरीक्षण करेगी।
इसके साथ ही टीम यह भी देखेगी कि अभी तक डेढ़ वर्ष की अवधि में लायन सफारी में शेरों को किस व्यवस्था के बीच रखा गया। शेरों को कब और कौन सी दवा दी गई और टीके लगाए गए। शेरों को दिया जा रहा मीट किस स्तर का है। भोजन देने से पूर्व क्या सतर्कता बरती जा रही है।
टीम सफारी में बीमार शेर पटौदी व जैसिका के साथ बबेसिया के संक्रमण की चपेट में आए गीगो व कुबेर के स्वास्थ्य की भी हिस्ट्री की रिपोर्ट लेंगे। टीम अपनी रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपेगी। सीजेडए की टीम आठ शेर और शावकों की मौत की जांच करेगी। सफारी प्रशासन इन शेर और शावकों की मौत की रिपोर्ट सीजेडए को भेज चुका है लेकिन सीजेडए ने दुबारा शेर और शावकों से जुड़े दस्तावेजों को दुबारा तलब किया है। टीम इसकी बारीकी से जांच करेगी। टीम देखेगी कि कहीं शेरों की मौत के पीछे कोई लापरवाही तो नहीं।