यूं तो एक दिन पूर्व ही पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव साफ-साफ लफ्जों में कह चुके है कि न तो सैफई को जिला और न ही इटावा को मंडल बनाया जा रहा है। मगर फिर भी सैफई महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर लोग यह उम्मीद लगाए बैठे थे कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई को जिला बनाने की घोषणा कर सकते हैं।
जो लोग ऐसी घोषणा की उम्मीद पाले थे, उन्हें मायूसी हाथ लगी। बाते दें कि गुरुवार को जब इस संबंध में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव से सवाल किया गया था तो उन्होंने स्पष्ट कहा था कि प्रदेश सरकार का सैफई को जिला और इटावा को मंडल बनाए जाने का कोई इरादा नहीं है।
बॉलीवुड नाइट की जिम्मेदारी अखिलेश को दी
उद्घाटन अवसर पर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाने पर जोर दिया। कहा कि महोत्सव समिति ने बड़े से बड़े कलाकारों को बुलाया है। उन्होंने बॉलीवुड नाइट की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दी। दंगल और कवि सम्मेलन की जिम्मेदारी खुद ली। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आठ जनवरी को आयोजित होने वाली बॉलीवुड नाइट में देश के बड़े से बड़े कलाकार को बुलाया जाए। बॉलीवुड नाइट अखिलेश यादव के जिम्मे है। दंगल मेरा प्रिय खेल है और मैं दंगल में बड़े से बड़ा पहलवान और कवि सम्मेलन में बडे़ से बड़ा कवि बुलाने की जिम्मेदारी लेता हूं।
धक्कामुक्की में सभासद. घायल, रिम्स में भर्ती
उद्घाटन समारोह में जसवंतनगर के सपा नगर महासचिव के साथ रेल मंडी वार्ड से सभासद राजीव यादव पहुंचे थे। वह चंदगीराम स्टेडियम में वीआईपी गेट से घुसने ही जा रहे थे कि इसी बीच मुख्यमंत्री का काफिला वहां पहुंच गया। इस पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वहां मौजूद लोगों को हटाना शुरू कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। भगदड़ में राजीव यादव वीआईपी गेट में लगे शीशे से टकरा गए और घायल हो गए। कांच सिर में लगने से उन्हें गंभीर चोट आई। आननफानन उन्हें सैफई मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया।