इटावा। शहर के महेरा फाटक से सुंदरपुर मोड़ के बीच आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे की सर्विस लेन का अधर में लटका निर्माण कार्य पूरा कराने समेत कई मुद्दों को सदर विधायक सरिता भदौरिया ने विधानसभा में उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मिलकर अधूरे कामों को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने गुरुवार को विधानसभा में जिला संयुक्त चिकित्सालय को सिटी हॉस्पिटल बनवाने की मांग की। कहा कि इससे शहरवासियों को बड़ा लाभ होगा। मानिकपुर, ददौरा, लखना, इटावा करौंदी सहित तमाम मार्गों का सुंदरीकरण की भी मांग की। पार पट्टी क्षेत्र में 132 केवीए उपकेंद्र बनवाने, कस्बा इकदिल को नवीन विकासखंड बनाने की भी मांग की। सदर ब्लॉक बढ़पुरा में प्राचीन वाल्मीकि मंदिर से ग्राम बेला तक कच्चे मार्ग का नवनिर्माण की बात भी कही।
राष्ट्रीय राजमार्ग-92 के किलोमीटर 70.500 से 78.600 तक के भाग को फोरलेन करने की मांग की। कहा कि किलोमीटर 78 स्थित चंबल नदी पर सेतु निर्माण का प्रस्ताव राज्य सरकार एवं वन्य जीव बोर्ड में लंबित है। इसको भी पास किया जाए, ताकी क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने सारे मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता करके सभी मांगों को पूरी करने का आग्रह किया।