भरथना (इटावा)। ऊसराहार-भरथना मार्ग पर शनिवार सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे का हेलमेट साधारण था। हादसे में उसके टूटने से सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के गांव नगला भवानी निवासी सुमित कुमार (18) बाइक से औरैया के दिबियापुर की ओर जा रहा था। उसके साथ में पिता राजबहादुर (40) भी सवार थे। ऊसराहार भरथना मार्ग पर ऊमरसेंडा गांव नहर पुल के पास सुबह करीब 8:30 बजे पीछे से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सुमित और राजबहादुर उछलकर सड़क पर गिर गए। सुमित का हेलमेट टूटने से उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। राजबहादूर के सिर और कंधे में चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी भरथना पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने सुमित को मृत घोषित कर दिया और राजबहादुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने परिवार के लोगों को सूचना देकर सुमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। थाना प्रभारी बलिराज शाही ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।