महेवा। बकेवर थाना क्षेत्र के लखना मार्ग पर नगला बनी के सामने एक पशु चिकित्सा अधिकारी की गाड़ी की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपति घायल हो गए। सीएचसी से दंपति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम खितौरा निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन यादव ने बताया कि बहनोई राजीव यादव निवासी इक्यारपुर बंधा थाना भरथना अपनी पत्नी मिथलेश यादव के साथ लखना कस्बे से निजी चिकित्सक से दवा लेकर बाइक से लौट रहे थे। ग्राम नगला बनी के सामने लखना मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक पशु चिकित्सा अधिकारी की सरकारी गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हेलमेट लगाए होने के चलते राजीव के सिर में तो चोट नहीं आई। लेकिन, हादसे में राजीव का पैर व मिथलेश का हाथ टूट गया। घायल दंपति को एंबुलेंस से महेवा सीएचसी लाया गया जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना पर मिथलेश के मायके वाले खितौरा से सीएचसी आ चुके थे।