रिम्स सैफई में अब इमरजेंसी और बर्न सेंटर सीसीटीवी की निगरानी में
- फोटो : अमर उजाला
सैफई। उप्र ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान सैफई का इमरजेंसी ट्रामा, बर्न सेंटर, सभी वार्ड व प्रशासकीय भवन अब सीसीटीवी की निगरानी में होंगे। इनकी मदद से 24 घंटे अस्पताल परिसर की रिकॉर्डिंग की जाएगी। संस्थान के निदेशक डॉ. (ब्रिगे) टी प्रभाकर ने बताया कि सीसीटीवी लगवाने का उद्देश्य ये है कि संस्थान में मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ हो रही चोरी आदि की घटनाओं को रोकने के साथ अराजक तत्वों की पहचान की जा सके।
कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आदेश कुमार ने बताया कि इमरजेंसी ट्रामा एवं बर्न सेन्टर में अराजक तत्वों की निगरानी के लिए प्रत्येक तल और प्रत्येक वार्ड में कुल 30 सीसीटीवी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी के द्वारा पिछले दिनों इमरजेंसी ट्रामा एवं बर्न सेंटर में हुई चोरी की घटनाओं में चोरों की शिनाख्त आसानी से हो सकी थी । पिछले कुछ समय से संस्थान के कुछ वार्डों में मरीजों के मोबाइल एवं आवश्यक जरूरी सामानों के चोरी होने की घटनाएं सबसे ज्यादा रात में सामने आ रही थीं।
सीसीटीवी फु टेज की मदद से चोरी करने वालों की शिनाख्त में अस्पताल प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन को काफी सहूलियत हो रही है। अपर निदेशक (प्रशा.) राधाकृष्ण सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी को सर्वर रूम से जोड़ा गया है। जहां 24 घंटे तकनीकी स्टाफ की मदद से इन सीसीटीवी फुटेज पर निगरानी रखी जाती है।