लवेदी। थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल तीन शिकायतें आईं। इनमें से एक का राजस्व व पुलिस टीम ने निस्तारण किया, जबकि अन्य शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
चंद्रपुर निवासी अमरनाथ ने बताया कि उन्हें पट्टे पर आवंटन भूमि मिली है, जिस पर गांव के ही लोगों ने कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि वह पिछले एक वर्ष से कई बार थाने और राजस्व विभाग में शिकायत कर चुके हैं। राजस्व टीम कई बार निस्तारण भी करा चुकी है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से कब्जा कर लिया जाता है। जैतपुर मौजा निवासी निर्मला देवी ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने बनवारी लाल से एक बीघा जमीन खरीदी थी, लेकिन उनके पुत्र कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। शिकायत पर लेखपाल किशन व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले का निस्तारण कराया। ग्राम पंचायत बहादुरपुर निवासी रेशमा ने पड़ोसी के खिलाफ घर के पानी की निकासी के लिए बनी नाली को लेकर हुए विवाद और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज की। समाधान दिवस में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा व राजस्व विभाग से लेखपाल मौजूद रहे।
बकेवर थाने में आयोजित सामाधान दिवस में तहसीलदार भरथना दिलीप कुमार व सीओ रामदवन मौर्य ने शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें आईं। एक का भी निस्तारण नहीं हो सका।
बिजौली गांव की लीलावती ने गांव के ही लोगो से जमीन के विवाद की शिकायत की। मेंहदीपुर के जगन्नाथ सिंह ने गांव के लोगों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने की शिकायत की। हर्राजपुर गांव के जगमोहन ने दिये शिकायत में बताया है उनके खेत के रास्ते पर आसपास के किसानों ने कब्जा कर लिया है। संतोषपुर गांव के करन सिंह ने जमीन की पैमाइश कराने के लिए शिकायत दर्ज कराई। ग्राम निवाड़ी कला के प्रमोद चंद्र ने बताया कि परिजन ने उनकी जमीन कब्जा ली है। यहां थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक, राजस्व विभाग से निरीक्षक लाल बहादुर, लेखपाल राहुल तिवारी, राहुल चौबे, संजय कुमार, मनोज आदि रहे। (संवाद)
भरथना कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में ट्राईसाइकिल से फरियाद लेकर पहुंची दिव्यांग महिला ने प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह से मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने और नई ट्राईसाइकिल दिलाने की गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पुलिसकर्मी के साथ महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। असफपुर गांव के देवेंद्र सिंह ने कंधेसी पचार गांव में स्थित खेत से कब्जा हटवाने, टड़ा गांव के राहुल ने चकरोड खुलवाने, मोतीगंज निवासी प्रशांत अवस्थी ने मारपीट, मोहल्ला गांधी नगर के राजेंद्र ने प्लाट पर कब्जा और नगला छोला की कुमकुम ने खेत पर कब्जा होने की शिकायत की।
जसवंतनगर थाना सभागार में शनिवार को नायब तहसीलदार नेहा सचान की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल चार शिकायतें आईंं। इनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। नायब तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में ग्राम निलोई निवासी रंजीत कुमार ने मजदूरी का बकाया भुगतान दिलाए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। वहीं, ग्राम नगला लाइक के सुखबीर सिंह ने शिकायत की कि सरकारी बंटवारा होने के बावजूद उनकी भूमि पर लगी खूंटियां उखाड़कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम निलोई के विद्याराम ने आरोप लगाया कि उनके प्लॉट पर उनके भाई की पत्नी जबरन कब्जा करना चाहती है। ग्राम रती के अड्डा निवासी वीर सिंह ने अपनी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराए जाने की मांग की। नायब तहसीलदार नेहा सचान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी कमल भाटी व राजस्व कर्मी मौजूद रहे। संवाद