इटावा। रघुकुल हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान महिला की मौत के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो डॉक्टरों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
जसवंत नगर थानाक्षेत्र के मोहब्बतपुर निवासी विक्रम की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर पवन और डॉक्टर सुधीर निषाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि विक्रम ने सोमवार को अपनी पत्नी प्रियंका (25) को रघुकुल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।
मंगलवार सुबह प्रसव के दौरान प्रियंका की मौत हो गई। हालांकि बच्चा सुरक्षित है। आरोप है कि संवेदनहीन डॉक्टरों ने प्रियंका के शव और तीमारदारों को बाहर निकाल कर हॉस्पिटल में ताला लगाया और फरार हो गए थे। हॉस्पिटल में पहले से ही भर्ती दो मरीज और उनके तीमारदार करीब सात घंटे तक अंदर ही बंद रहे।
हंगामा होने पर पुलिस, डिप्टी सीएमओ और मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंच कर ताला तोड़कर अंदर बंद मरीजों को बाहर निकाला था।