बकेवर। चालक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर कार में रखे सबमर्सिबल पंप के 50 पीस गायब करने के मामले में अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
घटना के तीन दिन गुजरने के बाद भी मामला दो थानों के बीच सीमा विवाद में उलझा हुआ है। चालक तहरीर लेकर जसवंतनगर व बकेवर थाने के चक्कर लगा रहा है।
आगरा के शहीद नगर निवासी शकील अहमद उर्फ कल्लू मंगलवार को कार से सबमर्सिबल पंप के 50 पीस लेकर आगरा के ही राजपुर चुंगी के पास से कानपुर नगर में एक व्यापारी को डिलीवरी देने जा रहा था।
जसवंतनगर थाना स्थित सीएनजी पंप पर उसने कार में गैस भरवाई। पंप के पास से ही एक युवक कानपुर जाने के लिए सवारी बनकर बैठ गया। कुछ दूर ही कानपुर की ओर कार पहुंची थी, तभी युवक ने चालक को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
करीब तीन किमी आगे पहुंचने के बाद चालक को नींद आने लगी। इस पर युवक ने स्टीयरिंग संभाल ली। उसके बाद शातिर कार में रखे सबमर्सिबल पंप के 50 पीस समेट कर कार को हाईवे के किनारे खड़ी कर भाग गया था।
चालक की सूचना पर बकेवर पुलिस ने मौके पर पहुंची और जांच की थी, लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की। बकेवर पुलिस का कहना है कि शातिर जसवंत नगर स्थित सीएनजी पंप के पास से कार पर सवार हुआ था, इसलिए घटना स्थल वही माना जाएगा।
मामले की रिपोर्ट जसवंत नगर पुलिस को दर्ज करनी चाहिए। वहीं, जसवंतनगर थाना प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि चालक व कार बकेवर क्षेत्र में खड़ी करने के बाद शातिर भागा है, इसलिए घटना की रिपोर्ट भी वहीं लिखी जानी चाहिए।
वहीं, एसएसपी जय प्रकाश सिंह का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।