चकरनगर। लखना-सिंडौस मार्ग पर सहसों के पास चंबल नदी पर बने पुल की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से पुल की एप्रोच और पीपों के बीच जॉइंट पर गहरे गड्ढे हो गए थे जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब इन गड्ढों को गाटर लगाकर आरसीसी के माध्यम से भरा जा रहा है। इससे पुल पर चलना सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
पुल पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों, खासकर बाइक सवारों को सबसे अधिक दिक्कत होती थी। गड्ढों से गुजरते समय तेज झटके लगते थे, जिससे कई बार सवार असंतुलित होकर गिर भी जाते थे। स्थानीय लोगों ने कई बार मरम्मत की मांग उठाई थी जिसके बाद अब विभाग ने मरम्मत कार्य को शुरू कर दिया है।
मरम्मत कार्य के साथ-साथ पुल की रेलिंग की रंगाई भी कराई जाएगी और सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर लगाएंगे। क्षेत्र के सतीश यादव, अरविंद तिवारी, कौशलेंद्र राजावत, सुनील यादव, आशीष आदि ने पुल की मरम्मत शुरू होने पर खुशी जताई है।