इटावा/बकेवर। सात माह पहले लखना बाईपास मार्ग पर हुआ पैचवर्क उखड़ने लगा है। इससे मरम्मत के काम की पोल खुल गई है। पैचवर्क उखड़ने से राहगीरों को फिर आवागमन में परेशानी होने लगी है।
बकेवर को चकरनगर से जोड़ने वाला मार्ग लखना से होकर निकला है। लखना तिराहा से लेकर नया नहर पुल तक बाईपास मार्ग की लंबाई 1300 मीटर है। बीते वर्ष जून- जुलाई में पीडब्ल्यूडी ने इसकी मरम्मत का कार्य करवाया था, लेकिन सात माह बाद मरम्मत की पोल खुलने लगी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई जगह पर तो पैचवर्क तीन चार माह बाद ही उखड़ने लगा था। धीरे-धीरे सड़क की स्थिति दयनीय होती जा रही है। इससे दोपहिया वाहनों, साइकिल सवारों और अन्य छोटे वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग इकाई तीन के जेई मनोज कुमार ने बताया कि करीब एक किलोमीटर मार्ग की मरम्मत कराई गई थी। पैचअप वर्क क्यों उखाड़ने लगा है, इसकी जानकारी कराकर जांच कराएंगे। सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।