इटावा। यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 (परीक्षा वर्ष 2028) के लिए कक्षा नौ और कक्षा 11 के विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने प्रवेश से लेकर ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क जमा करने और संशोधन तक की पूरी समय-सारिणी जारी कर दी है। कक्षा नौ और 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित की गई है।
परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार पंजीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया परिषद की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन होगी। प्रत्येक छात्र के लिए 40 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में एकमुश्त जमा कराया जाएगा। डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय और फोटो सहित सभी विवरण पूरी तरह शुद्ध और स्पष्ट दर्ज किए जाएं। इन सूचनाओं की सत्यता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित कक्षाध्यापक और प्रधानाचार्य की होगी। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रशासन उत्तरदायी माना जाएगा।
बोर्ड के अनुसार हाईस्कूल अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों का कक्षा 11 में प्रवेश 20 अगस्त तक लिया जा सकेगा। वहीं 40 रुपये शुल्क सहित ऑनलाइन पंजीकरण और कोषागार में शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त तय की गई है। विद्यालयों को 26 अगस्त से पांच सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्र विवरणों की जांच और त्रुटि सुधार का अवसर मिलेगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि छह सितंबर से 20 सितंबर तक केवल संशोधन और अद्यतन का कार्य किया जाएगा। इस समयसीमा में किसी नए छात्र का नाम पंजीकरण सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। विद्यालयों को नामावली और कोषपत्र की प्रतियां 30 सितंबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करनी होंगी।
इनका होगा पंजीकरण
- सत्र 2026-27 में कक्षा नौ में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राएं।
- सत्र 2026-27 में कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राएं।
- कक्षा 11 कृषि भाग-एक के वे छात्र, जो वर्ष 2027 की परीक्षा में सम्मिलित होंगे।