ग्रीष्मकालीन अवकाश में बीएलओ तथा रेपिड सर्वे में प्राइमरी टीचरों की ड्यूटी लगा देने का मामला तूल पकड़ने लगा है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में टीचरों ने प्रदर्शन कर प्रभारी जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है। आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने किया।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष श्री यादव ने बताया कि टीचरों की बीएलओ और रेपिड सर्वे में ड्यटी लगाना अनुचित है। हाईकोर्ट की ओर से भी टीचरों को जनगणना, आपदा राहत, चुनाव के अलावा किसी भी अन्य कार्य से मुक्त रखे जाने के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद ऐसा किया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि जिन टीचरों की बीएलओ ड्यूटी लगाई गई है उन्हें उपार्जित अवकाश का लाभ दिया जाना चाहिए। रेपिड सर्वे ड्यूटी से टीचरों को पूर्ण रूप से मुक्त रखा जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिन के भीतर यदि मांगों को गंभीरता से न लिया गया तो इन कामों के बहिष्कार को टीचर बाध्य होंगे।
इस मौके पर जिलामंत्री योगेंद्र त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष साधौंसिंह यादव, शशिभूषण यादव, अध्यक्ष ताखा बृजेश यादव,अध्यक्ष जसवंतनगर विनोद यादव, अध्यक्ष महेवा पवन यादव, बसरेहर सुरेंद्र यादव, सैफई संजीव यादव, भरथना गोविंद सिंह चौहान, बढ़पुरा जयवीर सिंह भदौरिया, संजीव कुमार, कौशलेंद सिंह यादव, विपिन मिश्रा आदि उपस्थित थे।
उधर उत्तर प्रदेशीय बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शेखर यादव के नेतृत्व में बुधवार को सैकड़ों की संख्या में टीचरों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अजय भट्ट को सौंपा। श्री यादव ने बताया कि हाईकोर्ट का आदेश होने के बाद भी टीचरों को बेगारी में लगाया जा रहा है। इससे कार्य पर प्रभाव पड़ रहा है।
श्री यादव ने बताया कि भवन निर्माण में लगाने से कुछ टीचर खुश तो हो सकते हैं लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य पूरा होना मुश्किल है। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालयाें में रिक्त पडे प्रधानाध्यापक ो के पदोन्नति से भरने की मांग भी की है।
मांग करने वालों में आशुतोष यादव, शारदेन्दु यादव, संजीव यादव,अमित पांडेय, उमेश यादव, सुनील यादव, प्रशांत शर्मा, सुधीर यादव आदि शामिल है।
वित्तविहीन टीचरों का सम्मेलन बनारस में 20 से
इटावा। वित्तविहीन शिक्षक महासभा का तीन दिवसीय सम्मेलन बनारस के कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर लहरतारा में 20 जून से होगा। इसका शुभारंभ केंद्र्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
अगले दिन 21 जून को प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री रामगोविंद चौधरी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 22 जून को माध्यमिक शिक्षा मंत्री इसका समापन करेंगे।
जिला इकाई की कंपनी गार्डेन में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रदेश संगठन मंत्री सत्यराम यादव ने कहा कि सपा ने चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में वित्तविहीन टीचरों को जीविकोपार्जन के लिए मानदेय देने का वादा किया था। इसकी रूपरेखा प्रदेश सरकार ने बना ली है। यह सितंबर 2015 तक मिलने की संभावना हैं।
जिलाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि सम्मेलन तथा चिंतन शिविर में जाने वाले टीचर अपना पंजीयन करा लें। प्रधानाचार्य महासभा के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिन वित्त विहीन विद्यालयों की अभी तक जनशक्ति निर्धारण के लिए सूचनाएं डीआईओएस कार्यालय में प्रेषित नहीं की गई हैं। वे एक सप्ताह में सूचनाएं प्रेषित कर दें।
ऐसा न करने वाले विद्यालयों को अंकपत्र न दिए जाएं। इस संबंध में शिक्षा निदेशक के द्वारा 8 जून को पत्र भी निर्गत किया जा चुका है। इस मौके पर विनोद कुमार यादव, विवेक प्रताप सिंह, उदयवीर सिंह, रामगोविंद राजपूत, भीष्मपाल यादव, आमोद यादव, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।