इटावा। शहर के महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से रणवीर सिंह स्मृति ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। इस टूर्नामेंट के 12वें संस्करण का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव करेंगे। पहले मैच में कानपुर और ग्वालियर की टीम आमने-सामने होगी। टूर्नामेंट का समापन 21 दिसंबर को होगा। इनके अलावा दिल्ली, लखनऊ, मेरठ, मथुरा, फिरोजाबाद, जालौन की भी टीमें इसमें प्रतिभाग कर रही हैं।
यह जानकारी टूर्नामेंट अध्यक्ष लालजी दुबे ने दी। उन्होंने बताया कि कई रणजी खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। यह भी बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव होंगे। वह विजेता टीम, मैनऑफ सीरीज व मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को पुरस्कृत करेंगे। यह भी बताया कि विजेता टीम को 71 व उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेंगे। इनके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर व बेस्ट बेट्समैन को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
इस टूर्नामेंट में यूपीसीए यानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर मौजूद रहेंगे। शनिवार को यूपीसीए से यहां पहुंचे स्कोरर राजेश सिंह ने बताया कि इटावा में पहली बार क्रिकेट टूर्नामेंट की ऑफ लाइन के साथ ही ऑनलाइन स्कोरिंग भी होगी। मैच का स्कोर क्रिकहीरोज डॉट कॉम पर लाइव देखा जा सकता है। इसके साथ ही स्कोरर व अंपायर वॉकी-टॉकी पर संपर्क में रहेंगे।
आयोजन समिति में शामिल जिले के पूर्व रणजी खिलाड़ी विजेंद्र सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट में कई रणजी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट के सेक्रेटरी रेहान अजीज ने बताया कि शुभारंभ पर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन फुरकान अहमद, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहेंगे।