मोतीझील कालोनी में भरा बारिश का पानी
- फोटो : अमर उजाला
लगातार 19 घंटे तक हुई बारिश ने शहर के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया। बरसात ने दो दशकों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस दौरान 64 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। बारिश से बिजली सप्लाई चरमरा गई। उफनाते नालों और जलभराव ने नगरपालिका की भी पोल खोल दी।
शनिवार रात करीब 9 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। ये सिलसिला रविवार शाम 4 बजे के बाद थमा। रविवार को इस बारिश असर शहर के तमाम क्षेत्रों में नजर आया। लाइन पार क्षेत्र के कई इलाकों की गलियां जलमग्न रहीं। बंगाली कालोनी में घुटनों तक पानी भर गया। गृहस्थी का सामान भी भीग गया। राम नगर, विजयनगर, अशोकनगर सरैया, यशोदानगर मोहल्लों में रहने वाले लोगों की नींद उड़ गई। शहर की ओर भी करमगंज, मेवाती टोला, बस स्टैंड आदि क्षेत्रों में जलभराव के चलते लोगों की आवाजाही थमी रही। जेल के पीछे पेड़ भी गिर गए। मैनपुरी रेलवे क्रांसिंग के अधोगामी पुल पर करीब 4 फीट तक पानी भर गया।