इटावा/भरथना। इटावा रेलवे स्टेशन पर कई प्रकार की खामियों को देख निरीक्षण करने आए प्रयागराज मंडल के डीआरएम मोहित चंद्रा ने अधीनस्थों को फटकार लगाई। उन्होंने इन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के डीआरएम मोहित चंद्रा सोमवार को सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान गड्ढे, टाइल्स उखड़ी, बेंच की बदहाली, नलों की टूटी टोंटियां देखकर नाराजगी जाहिर की। पार्सल घर में भी उन्हें खामियां मिलीं। इस पर उन्होंने साथ चल रहे संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
डीआरएम ने डिप्टी एसएस रवि गोयल से पूछताछ की। अपर क्लास प्रतीक्षालय का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने एक कोने में बने बेबी फूड कॉर्नर का निरीक्षण करते हुए वहां पंखा लगाने के निर्देश दिए। कुछ देर का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम स्पेशल ट्रेन से भरथना और साम्हो स्टेशन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना आदि अधिकारी उपस्थित रहे। लौटकर इटावा आए डीआरएम शिकोहाबाद रवाना हो गए।
भरथना में ट्रैक की खामियों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश
भरथना संवाद के अनुसार डीआरएम मोहित चंद्रा ने भरथना में स्टेशन परिसर व पटरियों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर लोगों ने उन्हें लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टॉपेज बहाल करने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
डीआरएम ने रेल लाइन के प्वाइंट आदि की बारीकी से पड़ताल की। ढीली लोहे की पत्तियां, पटरियों पर लगीं चाबियां सही कराने के निर्देश दिए। लगभग 500 मीटर तक डीआरएम ने सफर कर ट्रैक की खामियों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।
प्लेटफार्म नंबर 1/2 पर बने महिला/पुरुष शौचालय में पानी की सप्लाई सुनिश्चित कराने व प्लेटफार्म पर कुछ जगह खुले गड्ढों, दिव्यांगों के शौचालय में पानी सप्लाई करने, कमरों में भरे लोहे के कबाड़ को जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। टूटी बेंचों को दुरुस्त कराने आदि समस्याओं के समाधान के लिए कार्य निरीक्षक कमलेश पंडित को निर्देश दिए। डीटीएम ने रुकने वाली ट्रेनों व किराया सूची को अपडेट कराने व शौचालय बनाए जाने के निर्देश दिए।
इनसेट
ट्रेनों का स्टापेज बहाल करने के लिए दिया प्रार्थना पत्र
डीआरएम के भरथना आने की जानकारी मिलते ही लोग ट्रेनों का स्टापेज बहाल कराए जाने की मांग को लेकर स्टेशन पर पहुंचे। लोगों ने डीआरएम को प्रार्थना पत्र देकर मुरी, महानंदा व संगम एक्सप्रेस का स्टॉपेज बहाल कराने और गोमती एक्सप्रेस का ठहराव किए जाने की मांग की। प्रार्थना पत्र देने के दौरान प्रभाकर तिवारी, राधेश पांडेय, आशीष सिंह आदि शामिल रहे। इस दौरान सभासद निहालुद्दीन ने रेलवे स्टेशन के आसपास पानी की निकासी नहीं होने व नजदीकी मोहल्लों में पानी भरने की समस्या बताई। रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनवाएं जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। जीआरपी चौकी इंचार्ज रामबाबू ने भी चौकी में पानी की सप्लाई की व्यवस्था कराने की। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे।