बसरेहर (इटावा)। जम्मू की एक युवती ने इटावा के युवक पर गुरुग्राम में नौकरी के दौरान शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती ने बसरेहर थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने गुरुग्राम की घटना होने की बात कह कर मुकदमा लिखने से मना कर दिया। इस पर युवती थाने के बाहर बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामला गुरुग्राम पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।
बसरेहर के बादरीपुठ गांव निवासी सर्वेश राजपूत हरियाणा के गुरुग्राम में एक कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में काम करता था। चार महीने पहले युवक की मुलाकात कंपनी में काम करने वाली एक जम्मू की युवती से हुई। इस बीच दोनों में दोस्ती हो गई और वे एक किराये के कमरे में रहने लगे। युवती ने आरोप लगाया कि दस दिन पहले सर्वेश के पिता ने उसके लिए लड़की देख ली थी और उसे घर बुला लिया था। इस पर सर्वेश पिता को समझाने की बात बोल कर घर आ गया था।
चार दिन बाद जब युवती ने फोन किया तो सर्वेश का फोन स्विच ऑफ था। सोशल मीडिया पर दोनों की कुछ फोटो भी डली थी, जिसे उसने हटा दिया था। दो दिन पहले सर्वेश के घर पहुंची तो उसने शादी करने से मना कर दिया। उसके परिजन भी शादी के लिए नहीं माने। दो दिन तक युवती बादरीपूठ गांव में ही धरने पर बैठे रही। रविवार शाम बसरेहर पुलिस ने युवती को थाने बुलाया और मामले की जानकारी की। इसके बाद पुलिस ने कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम का मामला है। वहीं जाकर मामला दर्ज कराए। इस पर युवती थाने के गेट के सामने बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। युवती के धरने पर बैठने की बात उच्च अधिकारियों के सामने आई तो आनन-फानन में मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती के साथ जो भी घटना हुई है। हरियाणा के गुरुग्राम की है, लेकिन युवती यहां आ गई। मुकदमा दर्ज कर रिपोर्ट गुरुग्राम के मानेसर थाने भेज दी है। वहीं युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा।