इकदिल थाना क्षेत्र के चित भवन नहर पुल के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार पीडब्ल्यूडी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामकिशोर दुबे (54) की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चितभवन गांव निवासी राम किशोर दुबे लोक निर्माण विभाग इटावा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। दोपहर करीब एक बजे वह साइकिल से कचहरी की तरफ जा रहे थे।
भदामई गांव के पास स्थित चितभवन नहर पुल के पास से किसी व्यक्ति ने उन्हें पीछे से आवाज लगाई। जैसे ही राम किशोर ने साइकिल रोकी, तभी पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
पीछे से टक्कर लगने से वह उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में घायल राम किशोर को परिजन जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सिर पर आई चोट से राम किशोर की मौत हुई है। परिजनों के मुताबिक राम किशोर के दो बेटे मुकेश व राकेश जिले के बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। राम किशोरी की मौत से परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल रहा।