ताखा मेें केबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को पीड़ा सुनातीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जनपद के थाना एरवाकटरा के उमरैन सुतियानी मार्ग पर शनिवार सुबह 11 बजे एक युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई थी। पुलिस ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे आक्रोशित महिलाओं और ग्रामीणों ने रविवार को एसएस मेमोरियल महाविद्यालय ताखा के सामने मृतक का शव रखकर जाम लगा दिया। महिलाओं के जाम लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई। महिलाओं को मंच के पास बुलाया गया। इसके बाद उनकी समस्या का समाधान करा रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
ग्राम सुखैया निवासी शिवम अग्निहोत्री शनिवार को उमरैन से बाजार करके वापस घर जा रहा था। रास्ते में कार की टक्कर से बाइक सवार शिवम अग्निहोत्री पुत्र भोले उर्फ राजेंद्र निवासी सुखैइया गंभीर रूप से घायल हो गया। मिनी पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का शव लाते वक्त एसएस मेमोरियल सुतियानी कालेज में चल रही कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह की जनसभा को देख ग्रामीणों ने कालेज के सामने शव रखकर भरथना ऊसराहार मार्ग जाम कर दिया। आधिकारियों ने उन्हें समझाकर जाम खुलवाया। शव को औरैया जनपद के एरवाकटरा थाने भिजवाया। मृतक के चाचा राघवेंद्र ने बताया मामला ज्ञात वाहन का है। एरवाकटरा थाना पुलिस मुकदमा अज्ञात वाहन का लिख रही है। उधर एरवा कटरा थानाअध्यक्ष ने बताया कि जिस वाहन से दुर्घटना हुई है, वह पुलिस के कब्जे में है। वहीं परिजनों ने बताया कि भीड़ एकत्र होने की वजह से शव को सड़क पर रख दिया गया था।