इटावा। लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि आयोग के प्रश्नपत्र खोलते समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिले में 32 परीक्षा केंद्रों पर 14,188 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बैठक में डीएम अवनीश राय व एसएसपी संजय कुमार वर्मा मौजूद रहे।
डीएम ने बताया कि परीक्षा 11 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसमें पुलिस विभाग के नामित नोडल अधिकारी एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह संबंधित परीक्षा केंद्र परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु केंद्र पर पुलिस की ड्यूटी लगाने का कार्य करेंगे। डीएम ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर कोई भी डिवाइस नहीं होनी चाहिए।
परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाई जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि केंद्रों का परीक्षा तिथि के एक दिन पूर्व भ्रमण कर लिया जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रारंभ होने से 35 मिनट पूर्व प्रश्नपत्रों के गोपनीय पैकेट सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की निगरानी में ही खोले जाएंगे।
परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली प्रातः 9:30 से 11:30 बजे एवं द्वितीय पाली 2:30 से 3:00 बजे तक होगी। परीक्षा सही ढ़ंग से संपन्न हो इसके लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं।
एसएसपी ने बताया कि सभी चौराहों पर पूछताछ केंद्र अवश्य बनाए जाएं। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने में कोई भी समस्या न हो। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ,डीआईओएस मनोज कुमार, लोक सेवा आयोग के पंकज सक्सेना रहे।
गूगल मैप पर दर्ज होगी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन
डीएम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन सेंटर के नाम से गूगल एप पर शेयर कर दी जाए। इससे छात्र-छात्राओं को आने-जाने में आसानी होगी। एसएसपी ने बताया कि सभी सेंटरों पर दो-दो महिला व पुरुष सिपाही की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी केंद्र पर जो पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे उनका मोबाइल नंबर सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास होना अनिवार्य है। जिससे कोई भी समस्या आने पर एक दूसरे को सूचित किया जा सके।