इटावा। प्रदेश के अलावा असम, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, कर्नाटक आदि राज्यों में डॉक्टरों के साथ हिंसा और महिला डॉक्टरों से हो रही अभद्रता के विरोध में आईएमए की ओर से 18 जून को प्रदर्शन किया जाएगा।
यह जानकारी आईएमए अध्यक्ष डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव और सचिव डॉ.डीके सिंह ने मंगलवार को पक्का तालाब स्थित आईएमए भवन पर पत्रकार वार्ता में दी। ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं जारी संचालित रहेंगी।
अध्यक्ष और महामंत्री ने कहा कि आईएमए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अपील करता है कि स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
हम उनसे केंद्रीय अस्पताल और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स सुरक्षा अधिनियम में आईपीसी की धारा और आपराधिक गतिविधि संहिता शामिल करने की अपील करते हैं। प्रत्येक अस्पताल की सुरक्षा के मानक बढ़ाने, अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने, दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक अदालत में सुनवाई और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाने के प्रावधान की अपील करते हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि 18 जून को डॉक्टर काला बिल्ला, काले मास्क, काले फीते, काली टीशर्ट और काले झंडे के साथ विरोध जताएंगे। विरोध कार्यस्थलों, आईएमए भवन, प्रमुख केंद्रों और अस्पतालों में किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। वार्ता में डॉ. एससी गुप्ता, डॉ.डीके सिंह, डॉ.वीके गुप्ता, डॉ. संजय कुमार, डॉ.शरद चंद्रा, डॉ.संजीव यादव, डॉ.देवेंद्र यादव और डॉ. कुंवर भरत उपस्थित रहे।