इटावा। दीपावली पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान से आने वाले लोगों की राह मुश्किल होने वाली है। इसकी मुख्य कारण हावड़ा-दिल्ली रूट पर दिल्ली होकर आने वाली 10 से अधिक ट्रेनें फुल हो गई हैं। इसमें अधिकतम वेटिंग 135 तक पहुंच गई हैं।
परिवहन निगम दीपावली पर 100 से अधिक रोडवेज बसें चलाने का दावा कर रहा है, लेकिन पिछली बार उनके दावे नाकाफी साबित हुए थे। लोग ट्रेनों व बसों में मारामारी के चलते ट्रैवेल्स एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में ट्रैवेल्स एजेंसियों ने इसका फायदा उठाकर किराया दोगुना कर दिया है। जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएगा, ऐसे में ट्रैवेल्स एजेंसी संचालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूलेंगे।
380 रुपये की जगह 800 रुपये में बुक हो रही सीटें
दीपावली को देखते हुए दिल्ली समेत अन्य जगहों पर काम करने वाले लोगों ने सीटें बुक करनी शुरू कर दी है। इसके चलते निजी ट्रैवेल्स संचालकों ने बस के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। सामान्य दिनों में दिल्ली आने के वह 380 रुपये वसूल रहे थे। अब दिल्ली से आने पर 800 रुपये में सीट बुक हो रही है। सबसे अधिक स्लीपर सीटों में दो लोगों की सीट 1600 रुपये में बुक रहे हैं। निजी ट्रैवेल्स संचालक नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जैसे-जैसे पर्व पर यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी। उनके दाम भी बढ़ जाएंगे। कई लोगों ने पहले से सीटें बुक करवा रखी हैं। उन्हें पुराने दाम ही लाया जा जाएगा। एक-दूसरे ट्रैवेल्स संचालक ने बताया कि अब उन्होंने 5, 6 व 7 अक्तूबर में सीटें बुक करना बंद कर दी है। कई सवारियों की तुरंत ही सीट बुक की जाएगी। इसके रेट अलग रहेंगे।
वैशाली एक्सप्रेस में 135 चल रही वेटिंग, स्पेशल ट्रेन बनेंगी सहारा
हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर इटावा जंक्शन अप-डाउन में रुकने वाली दैनिक ट्रेनों की संख्या 84 है। दीपावली के चलते इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। इसमें दिल्ली होकर कानपुर जाने वाली 11 ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही हैं। इसमें सबसे अधिक वैशाली एक्सप्रेस में 135, पूर्वा एक्सप्रेस में 85, कैफियत एक्सप्रेस में 52, महानंदा एक्सप्रेस 92, फरक्का एक्सप्रेस-59, ऊंचाहार एक्सप्रेस-52, नीलांचल एक्सप्रेस 46 आदि ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कन्फर्म टिकट न मिलने पर जनरल कोच में यात्रियों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में महिलाएं, बच्चों व वृद्धों को ट्रेनों में चढ़ने में मुश्किल होगी। ऐसे में उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल की ओर से अभी तक 12 से अधिक चलाई स्पेशल ट्रेनें यात्रियों के आने-जाने में मुख्य साधन बनेंगी।
-
त्योहार पर परिवहन निगम 100 से अधिक चलाएगा बसें
रोडवेज परिवहन निगम के एआरएम अमित कुमार ने बताया कि दीपावली पर 100 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। इटावा और सैफई डिपो की बसें लगाकर राहत का प्रयास किया जाएगा। इसमें अनुबंधित बसों को भी शामिल किया जाएगा। 10 से अधिक बसों को अतिरिक्त में रखेंगे। इन बसों को यात्रियों की जरूरत व मांग को देखते हुए चलाया जाएगा। इन बसों को दिल्ली, आगरा, कानपुर, हरदोई, लखनऊ, मैनपुरी, बरेली, फर्रुखाबाद आदि जगहों के लिए बसों का संचालन करेगा।
-
दोगुने रुपये देकर बुक करा रहे हैं सीट
शास्त्री चौराहे निवासी शिवम गुप्ता ने बताया कि दीपावली के बाद भाई दूज के लिए दिल्ली जाना है। सामान्य दिनों में जहां 400 रुपये में सीट बुक हो जाती है, अब दोगुने से अधिक रुपये में सीट बुक कर रहे हैं। मजबूरी में सीट बुक करवानी पड़ी।
-कन्हैया नगर निवासी अभय पोरवाल ने बताया कि कंपनी के काम से अक्सर दिल्ली जाना होता है। उन्होंने बताया कि त्योहार नजदीक आते ही निजी बस संचालक दोगुने से अधिक किराया कर देते हैं। रोडवेज बसों में अधिक भीड़ होने की वजह से सफर करना मुश्किल होता है। ऐसे में निजी बस ही एक मात्र साधन होती है।
रोडवेज का किराया
- सामान्य दिनों में इटावा से दिल्ली तक किराया 590 रुपये
- कानपुर तक का साधारण किराया 256 रुपये
- इटावा से कानपुर और दिल्ली के लिए एसी बस सेवा नहीं
-
ट्रैवेल्स एजेंसी की बसों का किराया
- सामान्य दिनों में सिटिंग का किराया इटावा 380 रुपये
- इटावा से दिल्ली तक स्लीपर बस का किराया 800 रुपये
- इटावा से कानपुर तक का स्लीपर बस किराया 600 रुपये
निजी बसों में अधिक किराया वसूलने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी यात्री से अधिक किराया वसूला जा रहा है तो वह शिकायत भी कर सकता है। संबंधित बस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-प्रदीप कुमार, एआरटीओ