बकवेर के एक गेस्ट हाउस में सपा के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे रामगोपाल
- फोटो : amar ujala
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री झूठों के सरदार हैं। उन्होंने जनता के साथ छल किया है। कुछ पूंजीपतियों की सरकार ने गंगा के नाम पर अरबों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन गंगा साफ नहीं हुई। नोटबंदी से करोड़ों लोगाें की नौकरी चली गई। अगर भाजपा की सरकार 2019 में बनी तो 2024 में लोकसभा चुनाव नहीं होंगे। सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा लोकतंत्र का खात्मा कर देना चाहती है। संविधान को बदलकर राष्ट्रपति प्रणाली को लागू कर सकती है। भाजपा कुछ भी कर सकती है।
प्रो. रामगोपाल बुधवार को बकेवर के एक गेस्ट हाउस में भरथना विधानसभा क्षेत्र के के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मलेन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले झूठ बोलने में माहिर हैं। प्रधानमंत्री मारीच की तरह है, जो भेस बदलकर सीता का अपहरण कर ले गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर साल एक करोड़ लोगों को नौकरी देने वादा किया था, लेकिन नोटबंदी से करोड़ों लोगों की नौकरी चली गई। अभी हाल में केंद्र सरकार ने मात्र कुछ लोगों का 3 लाख 18 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। भाजपा ने अंबानी बंधुओं को फायदा पहुंचाया है। सरकार बनने से सिर्फ अंबानी बंधुओं की कंपनियों खुल रही हैं।
अच्छे जिलों में एसएसपी की पोस्टिंग दो से तीन करोड़ में हो रही है
सपा महासचिव ने प्रदेश की योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। कहा कि पूरे प्रदेश में एक भी काम नया नहीं किया गया। भाजपा की प्रदेश सरकार अखिलेश सरकार के कामों को अपना बता रही है। पुलिस के जरिये लूट हो रही है। प्रदेश के हर जिले में तैनाती के लिए रेटों की लिस्ट है। अच्छे जिले में एसएसपी की पोस्टिंग की कीमत दो से तीन करोड़ रुपये तक है।
राजनीति में महिलाओं को आगे लाएं
प्रोफेसर रामगोपाल ने लोगों से कहा कि राजनीति में महिलाओं को आगे लाएं। क्योंकि आगे आने वाले समय में महिलाओं के लिए आरक्षण अधिक होगा तो पार्टी को इससे फायदा होगा। इसलिए अभी से इस पर ध्यान दें। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव में पूरी मेहनत और ईमानदारी से जुट जाएं। निश्चित तौर पर जीत हमारी होगी।