फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बगैर तैयारी से आए अफसरों की हुई क्लास

Sat, 04 Jul 2015 11:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
विकास भवन के नए सभागार में शनिवार को जिलास्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में बिना तैयारी आए अफसरों पर सांसद अशोक दोहरे ने नाराजगी जताई। उनकी क्लास लेते हुए अगली बैठक में उन्हें तैयारी के साथ आने की नसीहत दी। बाद में डीएम नितिन बंसल ने भी अफसरों को चेतावनी दी। 
विज्ञापन



एजेंडा के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समेकित वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय भू रिकार्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, निर्मल भारत अभियान, इंदिरा आवास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास आदि योजनाओं की समीक्षा हुई।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद श्री दोहरे ने टंकियां स्थापित होने के बाद भी लोगों को पेयजल किल्लत होने की बात कही।

उन्होंने जलनिगम एक्सईएन से पूछा कि पेयजल की कितनी परियोजनाएं चालू हालत में हैं? कितनी बंद पड़ी हैं? इस पर एक्सईएन जब जवाब नहीं दे पाएतो डीएम ने स्पष्ट किया कि 30 परियोजनाएं धनाभाव के चलते चालू हालत में नहीं हैं।
विज्ञापन


इसी तरह निर्मल भारत अभियान की समीक्षा में सांसद श्री दोहरे गांवों में सफाई कर्मी होने के बाद साफ सफाई न होने की बात कही। इसी बीच चकरनगर ब्लाक प्रमुख महिपाल सिंह यादव ने कहा कि शौचालय निर्माण के लिए लाभार्थियों से 900 रुपये अंशदान लिया गया था। अब ऐसे 2500 शौचालयों का पैसा भी वापस कर दिया गया।

शौचालय भी नहीं बनवाए गए। ब्लाक क्षेत्र में 62 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, तब भी जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। डीपीआरओ ने शौचालय बनाने का जो आंकड़ा पेश किया, उससे जनप्रतिनिधि संतुष्ट नहीं हुए। इस पर डीएम ने ही माइक थामते हुए बताया कि विगत वर्षों में शौचालयों के लिए जो धनराशि उपलब्ध हुई थी।

उनसे मौजूदा समय में शौचालय बनवाना संभव नहीं है। लिहाजा शासन ने ऐसे 2500 शौचालयों को 12 हजार रुपये की लागत से बनवाने का निर्णय लिया है। इसी तरह सांसद ने जब मनरेगा से लगाए पौधे और बचे पेड़ों की संख्या डीएफओ से जाननी चाही तो वे  जवाब नहीं दे पाए।

वहीं राज्यसभा सदस्य बाबू दर्शन सिंह यादव ने हरे पेड़ काटे जाने की बात रखी। ब्लाक प्रमुख महिपाल सिंह ने कहा कि बीहड़ में गरीब लोग तो लकड़ी काट नहीं पा रहे। खुद वन विभाग 8 या 10 गाड़ियां लकड़ी काट रहा है। इन्हें नहीं रोका जा रहा।

इस पर डीएफओ ने कहा कि कई बार गाड़ियां पकड़ी जाती हैं लेकिन पार्टी कार्यकर्ता बताते हुए उसे छोड़ने के लिए कह दिया जाता है।  इस पर सांसद दर्शन सिंह यादव ने कहा कि अब से कोई ऐसी हरकत करे तो उससे कहना कि वह दर्शन सिंह यादव से बात कर लें।

बैठक का संचालन डीआरडीए के परियोजना निदेशक रविंद्रनाथ सिंह ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनता से कोई बेरुखी नहीं
भाजपा सांसद अशोक दोहरे पर लगातार यह आरोप लगते रहे हैं कि चुनाव जीतने के बाद से उन्होंने जिले की जनता के प्रति बेरुखी ओढ़ रखी है। शनिवार को विकास भवन में जब उनसे यही सवाल मीडिया ने किया तो उन्होंने इसे गलत बताया और कहा कि वह लगातार क्षेत्र की जनता से मिल रहे हैं।

सांसद ने इसके उलट मीडिया पर ही भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप मढ़ा। हालांकि वह इस सवाल का कोई सीधा जवाब नहीं दे सके कि आखिर किन कारणों से उन्होंने सांसद निधि को औरैया ट्रांसफर करवाया है। जब उनसे इटावा जिले के लोगों के लिए कोई निश्चित दिन तय करने की बात कहीं गई तो उनका कहना रहा कि जनता में उन्हें लेकर शिकायत नहीं है।

पौधरोपण किया
भाजपा सांसद अशोक दोहरे और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने विकासभवन के आडिटोरियम हॉल के बगल पड़ी खाली जमीन पर पौधरोपण भी किया। सांसद ने यहां जामुन का पौधा लगाया। इस दौरान एएमए एसके वर्मा, डीएफओ कन्हैया लाल, जिला उद्यान अधिकारी डीपी यादव आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें