अजयराज सिंह उर्फ चंदन की फाइल फोटो
- फोटो : ETAWHA
ताखा। ऊसराहार थानाक्षेत्र के पूर्व ब्लॉक प्रमुख के बेटे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार रात वह कमरे में सोने गया था। बुधवार सुबह परिजन किसी तरह दरवाजा खोलकर कमरे में गए तो युवक बेड पर मृत पड़ा था।
ताखा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरोज यादव व प्रमुख प्रतिनिधि जयराज सिंह यादव के 25 वर्षीय इकलौते बेटे अजयराज सिंह उर्फ चंदन की संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार सुबह गांव चंदरपुरा में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक चंदन मंगलवार रात दूसरी मंजिल पर सोने चला गया था। बुधवार सुबह 11 बजे तक जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला।
चंदन बेड पर मृत अवस्था में पड़ा था। बताया कि जयराज सिंह यादव अपने परिवार समेत चौगर्जी इटावा में रहते हैं। अभी कुछ दिनों से वह परिवार समेत गांव चंदरपुरा आए थे। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। जयराज सिंह यादव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता हैं। उनकी दो बेटी है। बेटे की अचानक मौत से पूरा परिवार बदहवास है। ऊसराहार थानाध्यक्ष अमरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।