प्रधानी के दावेदारों की उम्मीद पर शासन ने पानी फेर दिया है। डीपीआरओ कार्यालय को शासन के ईमेल में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों की आरक्षण सूची के अनंतिम प्रकाशन को स्थगित करने के निर्देश दे दिए गए। अब सिर्फ क्षेत्र और जिला पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण की अनंतिम सूची 6 से 8 सितंबर के मध्य जारी होगी।
माना जा रहा है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव छह माह के लिए टाले गए हैं। अब यह चुनाव अगले साल मई माह में होंगे। जिले में कुल 471 ग्राम प्रधान और 5911 ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव फिलहाल नहीं होंगे। शासन ने इन पदों के चुनाव को स्थगित कर दिया है।
शनिवार शाम करीब सात बजे इस संबंध में डीपीआरओ कार्यालय को शासन की मेल भी प्राप्त हो गई। मालूम हो कि ग्राम प्रधान के अलावा ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य पदों की आरक्षण सूची का अनंतिम प्रकाशन 6 से 8 सितंबर के मध्य होना था। इस त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अखाड़े में उतरने की तैयारी में जुटे दावेदारों की निगाहें वार्ड के आरक्षण पर टिकी हुई थी।
उन्हें उम्मीद थी कि उक्त पदों के वार्ड आरक्षण की अनंतिम सूूची 6 सितंबर को ब्लाक कार्यालय पर चस्पा कर दी जाएगी। लेकिन शनिवार की शाम को शासन के ईमेल ने प्रधानी का चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की मंशा पर पानी फेर दिया। इस ईमेल के अनुसार पूर्व निर्धारित समय सारणी के तहत अब सिर्फ क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण की अनंतिम सूची ही प्रकाशित की जाएगी।
जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्यों यानि बीडीसी के कुल 586 और जिला पंचायत सदस्य के कुल 24 पद हैं। जिनके आरक्षित वार्डों की अनंतिम सूची ही प्रकाशित की जाएगी।