- रातभर प्रभावित रही सुंदरपुर व रामलीला बिजली घर से जुड़े 20 से अधिक मोहल्लों की बिजली
- जेई का मोबाइल स्विच ऑफ और बिजलीघर के नंबर में नहीं थी इनकमिंग, एसडीओ छुट्टी पर
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बारिश के बीच शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। गुरुवार रात कुनैरा बिजलीघर की मुख्य लाइन में फॉल्ट आने से सुंदरपुर और रामलीला बिजली घर से जुड़े इलाकों में करीब छह घंटे बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग पूरी रात परेशान रहे। आरोप है कि शिकायत के दौरान जेई का मोबाइल स्विच ऑफ मिला, बिजलीघर के नंबर पर इनकमिंग नहीं हुई और संबंधित एसडीओ अवकाश पर थे, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई।
गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे सुंदरपुर और रामलीला रोड बिजली घर से जुड़े क्षेत्रों की बिजली अचानक गुल हो गई। निगम कर्मियों ने फॉल्ट ठीक कर रात करीब 11:45 बजे आपूर्ति बहाल की, लेकिन सुबह तीन बजे फिर बिजली चली गई। इसके बाद सुबह साढ़े छह बजे सप्लाई शुरू होने पर लोगों को राहत मिल सकी। एक दिन पहले भी इन इलाकों में पूरी रात में महज डेढ़ घंटे बिजली मिली थी। लगातार दूसरे दिन अव्यवस्थित बिजली आपूर्ति से लोगों में नाराजगी है। बिजली लंबे समय तक बंद रहने से अधिकांश घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। उमस भरी रात में पंखे और कूलर बंद होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई परिवार रातभर जागने को मजबूर रहे।
इसके साथ ही शहर के अन्य हिस्सों में भी बिजली संकट बना रहा। लाइनपार क्षेत्र के रामनगर, विजयनगर, अशोकनगर और गांधीनगर में रात के समय करीब डेढ़ घंटे बिजली बाधित रही। उपभोक्ताओं ने कई बार शिकायत की तो उन्हें फॉल्ट होने और मरम्मत कार्य चलने की जानकारी दी गई। इसके अलावा सिविल लाइन, आवास विकास, रामलीला रोड, चौगुर्जी और हर्षनगर क्षेत्रों में भी गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार दोपहर तक बार-बार बिजली की आवाजाही बनी रही। बारिश के मौसम में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं ने आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि फॉल्ट के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क न हो पाना उनकी परेशानी को और बढ़ा देता है। उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की मांग की है।
गुरुवार रात की पड़ताल में नहीं लगे ये नंबर
बिजली गुल होने पर संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अधिकारियों के नंबरों की पड़ताल की गई। शहर के सुंदरपुर बिजलीघर के जेई का सीयूजी नंबर 9412748826 रात 10:28 बजे बंद मिला। इसके साथ ही इसी बिजलीघर के नंबर पर 8868069739 पर इनकमिंग ही नहीं थी। यही हाल रामलीला रोड के बिजलीघर के अधिकारियों का भी था यहां 10:27 बजे जेई का सीयूजी नंबर 9412740017 नोट रिचेबल बताता रहा। इसके साथ ही इसी बिजलीघर का नंबर 7830548544 कई बार मिलाने के बाद भी व्यस्त बताता रहा।
-
एसई और एक्सईएन ने उठाया फोन
पड़ताल के दौरान रात 10:36 बजे बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ऋषभ देव के सीयूजी नंबर 9412748844 पर फोन किया गया तो उनका फोन रिसीव हुआ और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल होने की जानकारी दी गई। इसके बाद 10:46 मिनट पर शहर के एक्सईएन हनुमान प्रसाद मिश्रा के सीयूजी नंबर 9412748800 पर फोन किया गया तो कॉल रिसीव हो गई। एक्सईएन ने बताया कि कुनैरा लाइन से गड़बड़ी है जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
वर्जन
सभी जेई और एसडीओ सहित बिजलीघरों के नंबरों को रिसीव करने के सख्त निर्देश है। कभी-कभी ऐसा होता है कि बिजली की गड़बड़ी को दुरस्त करने में अधिकारी और कर्मचारी लगे होते है, जिसके कारण भी फोन रिसीव नहीं हो पाता। जिस बिजलीघर के नंबर की इनकमिंग नहीं है उसे जल्द ही दुरस्त करवा दिया जाएगा।
हनुमान प्रसाद मिश्रा, एक्सईएन शहर