इटावा। डाकखाने का सर्वर ठप होने की वजह से सुबह से उपभोक्ता परेशान रहे। रुपये जमा और निकासी के लिए आए लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौटे।
25 और 26 जनवरी को डाकखाने समेत सभी कार्यालय बंद थे। ऐसे में शनिवार सुबह से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ डाकखाने में लगी। सबसे ज्यादा भीड़ शास्त्री चौराहे पास स्थित प्रधान डाकघर पर हुई। काउंटर पर लाइन में लगते ही लोगों को पता चला कि सर्वर ठप है। ऐसे में ऑनलाइन कोई भी काम नहीं हो सका। लखना, बकेवर, जसवंतनगर, बलरई, सैफई समेत कई जगहों से अपने रुपये निकालने, जमा करने, बीमा के रुपये जमा करने, एफडी का रुपये निकालने आदि लोगों ने कई घंटों तक कार्यालय में बैठकर ही सर्वर सही हो जाने का इंतजार किया। दोपहर करीब दो-तीन बजे तक सर्वर न आने के बाद लोग निराश होकर लौटने लगे।
लखना के गांव इकनौर से सुबह करीब साढ़े 10 बजे प्रधान डाकघर पहुंचे लज्जाराम ने बताया कि उनके बेटे ओमप्रकाश के नाम से बीमा है। उसकी एक महीने की किस्त जमा नहीं कर पाए थे तो अभिकर्ता ने प्रधान डाकघर में जमा करने के लिए कहा दिया था। सुबह से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सर्वर सही नहीं हो सका है।
आईटीआई चौराहे निवासी पवन यादव ने बताया कि उन्होंने डाकघर से बीमा कराया था। पांच दिन पहले उनके बीमा पूरा हो गया था। अब भुगतान लेने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। सुबह से सर्वर आने का इंतजार कर रहे हैं। कब तक भुगतान मिल पाएगा इसका भी पता नहीं। अब यहां बीमा कराएंगे ही नहीं।
-
कोट
सर्वर सुबह से ठप था। इस वजह से लोगों का काम नहीं हो सका। सभी से सोमवार को काम कराने के लिए आग्रह किया गया है।
- आशीष सक्सेना, पोस्टमास्टर।