संकटमोचन बालाजी मंदिर कटैयापुरा प्रबंध समिति के व्यवस्थापक भाजपा नेता मनीष यादव पतरे ने अपने न?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। लॉकडाउन में भाजपा नेता मनीष यादव ने अनुसूचित जाति की बरात की अनुमति दिलाई और मंदिर में खुद कन्यादान कर वधू को बर्तन, कपड़े व अन्य सामान उपहार में दिया। दोनों पक्ष से 16 लोग ही विवाह में शामिल हुए।
बसरेहर ब्लॉक के टिमरुआ गांव निवासी सुघर सिंह कठेरिया ने बेटी पूजा की शादी करीब तीन महीने पहले फिरोजाबाद जिले के लालई खैरगढ़ निवासी मोनू पुत्र रामअवतार के साथ तय कर दी थी। शादी की तारीख दो मई निकली थी। कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लग गया। इससे सुघर सिंह कठेरिया परेशान थे। उन्होंने संकटमोचन बालाजी मंदिर कटैयापुरा प्रबंध समिति के व्यवस्थापक और भाजपा नेता मनीष यादव पतरे से संपर्क किया। मनीष ने प्रशासन से शादी की अनुमति दिलाई।
शनिवार को दूल्हा मोनू पिता के अलावा दो चाचा, दो भाई, दो जीजा एक भांजे के साथ बरात लेकर कटैयापूरा मंदिर पहुंचा। मंदिर में मनीष यादव ने शादी की सभी तैयारियां कर रखीं थीं। उन्होंने वर वधू को बर्तन, कपड़े व गृहस्थी का सामान देने के साथ कन्यादान भी किया। लड़की पक्ष से पिता समेत छह लोग शामिल हुए। मनीष ने सभी को नाश्ता और भोजन भी कराया। मनीष ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान अगर कोई सादगी से विवाह करना चाहता है तो मंदिर समिति उसका पूरा खर्च उठाएगी। मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सीमित बरातियों व घरातियों के साथ विवाह करा सकते हैं।