प्रेस वार्ता करते प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। 26 दिसंबर से जिले की सभी नहरों, रजबहों और बंबों में पानी आ जाएगा। 535 किलोमीटर नहरों की सफाई हो जाने से पानी टेल तक पहुंचेगा। नहरों की सफाई का जो काम बचा है वह 11 दिन में पूरा कर लिया जाएगा। ये दावा सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पत्रकारों से चर्चा में किया।
प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा और कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में जिले में 1150 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चुना गया है। इसमें 1131 को प्रथम किस्त दी जा चुकी है। अभी तक 224 आवास बनाए जा चुके हैं। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री योजना के आवासों के निर्माण और पात्रों को मिले हैं या नहीं इसकी सीडीओ खुद व अधिकारियों से जांच कराएंगे।
उन्होंने कहा कि वे खुद गांवों जाकर जांच करेंगे। प्रदेश सरकार की उपब्धियां गिनाने के बाद प्रभारी मंत्री ने सीएबी और एनआरसी बिलों पर कहा कि विपक्ष माहौल बिगाड़ने का काम कर रहा है। हम जनसंघ के जमाने से कहते आ रहे हैं कि देश का विभाजन धार्मिक आधार पर किया गया था। हमने तो उसमें सुधार की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने खुद कहा था कि पाकिस्तान और बांग्लादेश से आने वाले हिंदुओं, सिखों को नागरिकता दी जाएगी। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी बिल या विधान का विरोध करने का अधिकार है लेकिन अराजकता करने और माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसएसपी को अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्ती करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके पहले प्रभारी मंत्री ने महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड की सलामी भी ली।