फोटो संख्या: 18 सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता ने पार्टी के आंदोलन की जानकारी दी।
नहीं खुली सफारी, सपा ने फिर की आंदोलन की तैयारी
- निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने प्रशासन को दिया 15 अक्तूबर तक का समय
क्रासर
- बोले, झूठे हैं भाजपा सांसद, जनता को धोखा दिया
अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। प्रशासन का आश्वासन और भाजपा सांसद का वादा झूठ निकला। वन्य जीव संरक्षण सप्ताह को तीन दिन बीत गए लेकिन इटावा सफारी जनता के लिए नहीं खोली गई। ये आरोप गुरुवार को जिला कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष गोपाल यादव व पूर्व पालिकाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता ने लगाया। दोनों नेताओं ने कहा कि सफारी 15 अक्तूबर तक नहीं खुली तो सपा फिर आंदोलन करेगी।
गोपाल यादव ने कहा कि भाजपा सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने कहा था कि दो अक्तूबर को इटावा सफारी जनता के लिए खोल दी जाएगी। आज तीन अक्तूबर हो गया लेकिन सफारी नहीं खुली। इससे भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है। सांसद झूठे हैं, वे जनता को धोखा देने का काम कर रहें है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर दिखाते हुए गोपाल ने कहा कि इसमें सांसद का बयान छपा है। उन्होंने कहा कि मैंने ट्वीटर कर सांसद से पूछा है कि आखिर दो अक्तृबर को सफारी क्यों नहीं खुली, कारण बता दें। अभी तक सांसद का जवाब नहीं आया है। गोपाल यादव ने कहा कि सपा 15 अक्तूबर तक समय दे रही है। इस बीच जनता के लिए सफारी नहीं खोली गई तो सपाई बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि जू प्रमाणपत्र रिन्यूवल होने और शेर आने के बावजूद सफारी क्यों नहीं खोली जा रही। आरोप लगाया कि भाजपा को इस बात का डर है कि इटावा सफारी खुलने के बाद घूमने आने वाले लोग अखिलेश यादव सरकार की वाहवाही करेंगे। भाजपा नहीं चाहती कि लोग अखिलेश यादव के कामकाज की तारीफ करें, इसीलिए सफारी नहीं खोली जा रही है। प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया भी उपस्थित रहे।
इनसेट
अभी शासन से नहीं आई कोई तारीख
इटावा सफारी खोलने के लिए तारीख पर तारीख मिल रही है। पहले तत्कालीन प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमें पता नहीं, फिर सफारी से जुड़े अधिकारियों ने जल्द खुलने का आश्वसन दिया। पिछले महीने अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष और सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने दिल्ली स्थिति कार्यालय में वन विभाग और जू अथारिटी के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें वन्यजीव सप्ताह में जनता के लिए सफारी खोलना तय हुआ था। लोकार्पण के लिए एक अक्तूबर को इटावा आने के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा था। इसके बाद उन्होंने दो अक्तूबर को सफारी खोलने की बात कही थी। पिछले सप्ताह सफारी के डायरेक्टर ने प्रमुख सचिव वन को पत्र देकर 5 तारीख को विभागीय मंत्री से समय मांगा था लेकिन तीन अक्तूबर की शाम तक वनमंत्री या किसी अन्य मंत्री का कोई कार्यक्रम नहीं आया है। डायरेक्टर वीके सिंह ने कहा कि अभी तक किसी का कार्यक्रम नहीं आया है। विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है। इसके बाद सफारी जनता के लिए खोलने की तारीख तय हो पाएगी।
इनसेट
सफारी में बर्ड वाचिंग प्रतियोगिता छह को
इटावा। सफारी में 6 अक्तूबर को बर्ड वाचिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। डायरेक्टर वीके सिंह ने बताया कि बांबे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के पूर्व निदेशक डॉ. अशरद रहमानी इसमें आएंगे। वीके सिंह ने बताया कि कार्यशाला सुबह 10:30 से 1:30 तक चलेगी। इसमें दुनियाभर के पक्षियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में किसी भी स्कूल के दो बच्चे और एक शिक्षक प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभाग कराने के लिए स्कूल को 5 अक्तूबर तक सफारी कार्यालय में पंजीकरण कराना होगा।