सैफई। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वोट डालने के लिए सैफई पहुंच गए हैं।
मुलायम सिंह शनिवार सुबह एमएलसी चुनाव में ब्लाक कार्यालय पर बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। शुक्रवार की दोपहर दो बजे मुलायम सिंह यादव दिल्ली से हेलीकॉप्टर से चलकर सैफई हवाई पट्टी पर पहुंचे। सैफई स्थित आवास पर 30 मिनट तक रुकने के बाद इटावा के सिविल लाइन में बने आवास पर रात्रि विश्राम के लिए पहुंचे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शाम 6 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से सैफई स्थित आवास पर पहुंच गए हैं। शनिवार को सैफई में मुलायम सिंह यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव, प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव, सैफई की ब्लाक प्रमुख मृदुला यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव मतदान करेंगे। फर्रुखाबाद एमएलसी सीट के लिए शनिवार को मतदान कराया जाना है।