जसवंतनगर (इटावा)। प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमलारानी वरुण से शिकायत के बाद हरकत में आई जसवंतनगर पुलिस ने विवाहिता के साथ हुए गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
घटना 25 सितंबर की है। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला घर से खेत पर जा रही थी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए खड़े अशोक ने दो साथियों के साथ मिलकर गैंगरेप को अंजाम दिया। घटना के दिन महिला की ओर से थाना जसवंतनगर में तहरीर दी गई। इसके अलावा 28 सितंबर को इटावा में अपर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। रविवार को कैबिनेट मंत्री कमलारानी से मिलकर महिला ने न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को दोबारा बुलाया और दोबारा तहरीर लिखवाई। महिला के पति के अनुसार रविवार को एक बार फिर आज की तारीख में घटना की तहरीर लिख कर दे दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।