स्टेट बैंक की सरसईनावर शाखा में सीसीटीवी कैमरे खराब होने की बात संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र की अन्य बैंकों की व्यवस्था का जायजा लिया। सभी बैंकों में सीसीटीवी, अलार्म व पार्किंग व्यवस्था में खामियां मिलीं हैं। इसकी शिकायत पुलिस ने बैंक की निरीक्षण पुस्तिका में दर्ज की है।
सरसईनावर गांव स्थित स्टेट बैंक की खाताधारक एक महिला ने 50 हजार रुपये कम भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है। मामला इसलिए और उलझ गया कि पुलिस जब मामले की छानबीन करने गई और सीसीटीवी फुटेज मांगे तो कैमरे खराब होने की बात सामने आई। इस पर ऊसराहार थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने अन्य बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
स्टेट बैंक शाखा में पुलिस को न सिर्फ सीसीटीवी कैमरे बंद मिले बल्कि बैंक की वाहन पार्किंग व्यवस्था दिखी। खाताधारकों की गाड़ियां सड़क पर खड़े मिले। इसी तरह ताखा कस्बा स्थित पूर्वांचल बैंक की शाखा में भी सीसीटीवी कैमरे खराब पाए। ऊसराहार की सेंट्रल बैंक शाखा का इमरजेंसी अलार्म सिस्टम फुंका मिला।
थाना पुलिस ने इन सब खामियों को बैंकों की निरीक्षण पुस्तिका में दर्ज किया। थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम खराब मिलने पर संबंधित बैंक प्रबंधकों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया है। इसके अलावा सभी बैंकों के बाहर सादा कपड़ों में पुलिस की तैनाती की गई है।