इटावा। जिले के कस्बों में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रत्येक थाने पर क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर संवाद करेंगे। कानपुर जोन के डीआईजी जमुना प्रसाद ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह आश्वासन दिया। व्यापारियों ने शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था, रोडवेज बस स्टैंड पर दुकानों के सामने बसें खड़ी होने से लगने वाले जाम और त्योहारों पर तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर नियंत्रण की मांग उठाई।
पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री धर्मेंद्र जैन ने प्रत्येक कस्बे के थानों पर हर महीने व्यापारियों के साथ बैठक कराने का मुद्दा उठाया। इस पर डीआईजी ने कहा कि सभी थानों पर क्षेत्रीय अधिकारी व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान का प्रयास करेंगे।
जिला प्रवक्ता इकरार अहमद ने शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान सड़कों पर तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर नियंत्रण रखने की मांग की, ताकि घरों में रहने वाले बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी न हो। जिला कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह कुशवाहा ने रोडवेज बस स्टैंड पर व्यापारियों की दुकानों के सामने बसें खड़ी किए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि इससे अतिक्रमण की स्थिति बनती है और आए दिन जाम लगता है। उन्होंने समस्या के समाधान की मांग की। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता, जिला प्रभारी मनोज अग्रवाल और जिला महामंत्री धर्मेंद्र जैन के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डीआईजी जमुना प्रसाद का अंगवस्त्र भेंट कर और व्यापार मंडल की पत्रिका देकर स्वागत किया।
महिला जिलाध्यक्ष अर्चना कुशवाहा, महिला जिला प्रभारी सुशीला राजावत, महिला जिला महामंत्री वर्षा दुबे, जिला संरक्षक मीरा तिवारी आदि मौजूद रहे।