एएसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह टीकाकरण कराते हुए
- फोटो : ETAWHA
इटावा। वैक्सीनेशन के दूसरे दिन शुक्रवार को 11 केंद्रों पर 2146 फ्रंट लाइन वर्करों में से 1204 ने टीकाकरण करवाया, जो कुल 56.10 प्रतिशत है। गुरुवार को 57.62 प्रतिशत की अपेक्षा 01.52 प्रतिशत टीकाकरण कम रहा। 2146 लाभार्थियों में से 1086 पुरुष एवं 118 महिला लाभार्थियों ने टीका लगवाया। सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने शहर के कई टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही टीकाकरण कराने वाले लाभार्थियों से बात भी की।
एएसपी ग्रामीण समेत कई सीओ ने लगवाया टीका
टीकाकरण कराने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह, सीओ सैफई रमेश चंद्र, सीओ जसवंतनगर मस्सा सिंह, सीओ भरथना सीओ चंद्र पाल सिंह के अलावा कई थाना प्रभारियों ने टीकाकरण कराया। इकदिल में नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार मौर्य ने भी टीका लगवाया।
खुद टीका लगवाया, अपील भी की
जिला पुरुष अस्पताल में सब इंस्पेक्टर अशोक द्विवेदी ने टीका लगवाने के बाद सभी पुलिस कर्मियों से टीका लगवाने की अपील की। जिला महिला अस्पताल में सिपाही विवेक सिंह और रजनी ने पहला टीका लगवाया। बताया हम सभी पुलिस कर्मियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। हम लोग ड्यूटी करते समय कई लोगों के संपर्क में आते हैं। कोरोना का यह टीका हमारे लिए सुरक्षा कवच है। बताया टीका लगवाने के बाद कोई परेशानी नहीं हुई। सामान्य अनुभव महसूस कर रहे हैं। पीएसी अस्पताल में सिपाही गुलशन कुमार ने टीकाकरण कराने के बाद बताया कि वह टीका लगवाने के लिए उत्साहित थे। अब टीका लगने के बाद किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।