परिवार के साथ बाइक से जा रहे दो व्यापारियों से बदमाशों ने मंगलवार को असलहे के दम पर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। चौबिया थानाक्षेत्र में दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
उसराहार क्षेत्र के कलारा गांव निवासी सुरजन सिंह की समथर में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। मंगलवार दोपहर वह पत्नी के साथ बाइक से इटावा जा रहे थे।
इनके साथ दूसरी बाइक से उसी गांव के भूपेंद्र सिंह भी अपनी भाभी को लेकर जा रहे थे। दोनों चौबिया के मसनाई गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए पल्सर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके इन्हें रोक लिया। बदमाशों ने सभी पर असलहे तान दिए।
एक बदमाश ने सुरजन से 20 हजार रुपये लूट लिए। दूसरे बदमाश ने भूपेंद्र की भाभी के गले से चेन, अंगूठी व अन्य जेवर लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पाकर सीओ और दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। काफी छानबीन के बाद बदमाशों का सुराग नहीं लगा तो पीड़ितों को थाने लाकर रिपोर्ट दर्ज की गई।