पूर्व सांसद प्रेमदास के साथ बकेवर थाना प्रभारी से मिलने जाते लुधियानी गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
लुधियानी के रामबाग आश्रम में महंती का विवाद जल्द सुलझने के फिलहाल आसार नहीं दिख रहे हैं। गांव के लोगों की लामबंदी से समस्या और बढ़ गई है। रविवार को लुधियानी गांव के दर्जनों लोग पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया के साथ बकेवर थाना प्रभारी से मिले। उन्हाेंने आरोप लगाया कि पुलिस आश्रम के मामले में ग्रामीणों को बार बार धमकाती है।
रामबाग आश्रम पर रहने वाले चिकाड़ा बाबा ने पुलिस से शिकायत की थी कि शनिवार शाम लुधियानी गांव के लोगों ने उनके साथ गाली गलौज की। सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा मय फोर्स के लुधियानी पहुंचे। पुलिस ने महंत सियारामदास के समर्थकों को धमकाया। जबकि लुधियानी के लोगों का कहना था कि चिकाड़ा बाबा झूठा आरोप लगा रहे हैं। संत रामजी दास की जगह अब चिकाड़ा बाबा मंदिर के संतों के लिए लुधियानी बाजार से सब्जी ले जाता है।
चिकाड़ा बाबा लुधियानी का ही रहने वाला है। पुलिस की इस हरकत से नाराज लुधियानी के ग्रामीण रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे पूर्व प्रधान प्रदीप तिवारी, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया के साथ थाने पहुंचे। थाना प्रभारी से कहा कि मंदिर से कोई गलत सूचना फोन पर दे देता है। इस पर पुलिस लुधियानी वालों को हड़काती है। यह भी नहीं देखती कि हकीकत क्या है। इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि आगे से इस तरह की कोई बात होने पर दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को बैठा कर बात की जाएगी। पुलिस के इस आश्वासन के बाद ग्रामीण लौट गए।