इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में आठ अगस्त को पकड़े गए गोवंशों से भरे कंटेनर के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक तमंचा कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आठ अगस्त को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अवैध रूप से एक कंटेनर में लादकर ले जा रहे गोवंशों को पकड़ा था। पुलिस ने इस संबंध में गिरफ्तार चालक और परिचालक से पूछताछ की और निशानदेही पर शनिवार को कंटेनर मालिक आबिद निवासी महमूद पुर थाना कोखराज जिला कौशांबी को पकड़ा है। वह गोवंशो की तस्करी करने का काम करता था।
पूछताछ में आबिद ने बताया कि व्यापारी कल्लू पठान उसके कंटेनर को किराए पर लेकर आया था। कल्लू पठान का नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस उसकी भी तलाश में जुट गई है। एसएसपी ने बताया कि आबिद पर ऊसराहार फतेहपुर, बनारस, प्रयागराज आदि जिलों में गोहत्या के मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।