फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज प्रताप के तिलक में दिखी सियासी चमक

Sun, 22 Feb 2015 01:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
सुबह करीब नौ बजे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और होने वाले दामाद सांसद तेज प्रताप सिंह यादव का परिचय मेहमानों से कराया। महोत्सव पंडाल के मंच पर आयोजित तिलकोत्सव में लालू प्रसाद के साथ उनकी बेटी मीसा भारती, रोहिणी आचार्य, रागिनी यादव, धन्नू यादव, दामाद शैलेश यादव, समरेश यादव, विक्रम यादव, राहुल यादव, चिरंजीव यादव, दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव उपस्थित रहे।
विज्ञापन


सैफई परिवार की ओर से कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव, मुख्यमंत्री की पत्नी सांसद डिंपल यादव, प्रतीक यादव, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अंकुर यादव, सांसद अक्षय यादव, अंशुल यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

तिलकोत्सव के वक्त प्रधानमंत्री का आगमन होने के कारण सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव सहित मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव सैफई हवाई पट्टी पर मौजूद रहे। मंत्रोच्चार के साथ तिलकोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विज्ञापन


इस बीच पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हुआ। बाद में अलग-अलग पंडालों में शाही दावत का इंतजाम किया गया था। ब्लॉक मैदान में बनाए गए चार पंडाल में करीब 80 हजार मेहमानों ने लंच किया। उधर, एसएस मेमोरियल स्कूल में वीवीआईपी व वीआईपी मेहमानों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी।

वीवीआईपी पंडाल में बिहार से आए लालू के मेहमानों सहित सपा परिवार के खास मेहमानों ने भोजन ग्रहण किया। यहां प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, पूर्व मुख्यमंत्री नारायन दत्त तिवारी, राज्यपाल उत्तर प्रदेश रामनाईक, राज्यपाल बिहार केसरीनाथ त्रिपाठी आदि ने खाना खाया।

...जब मोदी ने खींचा हाथ
तिलकोत्सव कार्यक्रम में मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी गर्मजोशी से हाथ मिलाकर स्वागत किया। जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने भी उनका स्वागत किया। यूपी, बिहार और केंद्र के दिग्गज नेता मंच पर एक साथ मौजूद थे।

इसी दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक हाथ से बराबर में खड़े लालू प्रसाद यादव तो दूसरे हाथ से चाचा शिवपाल सिंह यादव का हाथ पकड़ा। पास खड़े मुलायम सिंह यादव के हाथ को शिवपाल ने पकड़कर ऊपर की ओर उठाकर एकजुटता का अहसास कराया। सपा सुप्रीमो ने प्रधानमंत्री की ओर हाथ बढ़ाया तो उन्होंने अपना हाथ पीछे कर लिया और हाथ हिलाकर पंडाल में मौजूद लोगों का अभिवादन किया।

मोदी ने दिया मुलायम को सहारा
सैफई हवाई पट्टी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ मंच तक पहुंचे। कार से उतरते ही मोदी ने सपा मुखिया का हाथ थाम लिया और आगे-आगे चल दिए। मंच की सीढ़ियों पर चढ़ते वक्त पीछे चल रहे सपा मुखिया के हाथ को थामे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें सहारा देते रहे।

भा गया मोदी का पहनावा
सैफई में भी मोदी अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए। मोदी का पहनावा पंडाल में मौजूद हर व्यक्ति को भा गया। चूड़ीदार सफेद पजामी, क्रीम कलर का कुर्ता और पीले रंग की जैकेट मोदी पर खूब जंच रही थी। करीब 22 मिनट तक मंच पर रुके मोदी ने चार बार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें