सैफई। पिकअप से राजस्थान जा रहे बसरेहर और चौबिया के लोग बुधवार रात पिकअप में गद्दा बिछाकर आराम करते हुए जा रहे थे। सिरसागंज थानाक्षेत्र के टोल प्लाजा के पास अचानक पीछे से लगी टक्कर के बाद पिकअप पलट गई और 19 श्रद्धालु तितर-बितर होकर हाईवे पर गिर पड़े।
घायल जयपाल सिंह ने बताया कि हादसे के समय ज्यादातर लोग नींद में थे तो कुछ बातें कर रहे थे। पिकअप हाईवे किनारे खड़ी थी। चालक ने टोल के पास फास्टटैग लगवाने के लिए पिकअप रोकी थी। अचानक धमाके के साथ पिकअप पलट गई और सभी नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर टोल प्लाजा के पास आए और घायलों को उठाकर हाईवे किनारे बैठाया। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी। आयुर्विज्ञान विवि में घायल बलवीर ने बताया कि सभी लोग हर साल की तरह इस बार भी मेले में जा रहे थे। सभी ने मिलकर भरथना क्षेत्र के एक व्यक्ति की पिकअप किराये पर ली थी। हादसे में उनके भाई समेत तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई।
हादसे की जानकारी पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव गुरुवार शाम आयुर्विज्ञान विवि पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल पूछते हुए डॉक्टरों ने उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों को बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया।