इटावा। सरायएसर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर बेकाबू पिकअप ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। इसमें दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को सैफई रेफर कर दिया गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सरायएसर निवासी हिमांशु (18), दोस्त प्रेम (17) के साथ इटावा से कपड़ा खरीदने जा रहे थे। सरायएसर से निकलते ही एक पेट्रोल पंप के पास पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉ. श्याम बाबू ने प्राथमिक उपचार के बाद हिमांशु को सैफई रेफर कर दिया। डॉक्टर ने हादसे की सूचना थाना पुलिस को भेज दी।