चौधरी चरण सिंह डिग्री कालेज हैंवरा में सहकारी बैंक की एजीएम का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के लोक निर्माण और सहकारिता मंत्री शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को अवैध कब्जा करने वालों और पार्टी की छवि खराब करने वाले कार्यकर्ताओं पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने वाले जमीनें छोड़ दें। सपा सरकार ऐसे अवैध कब्जेदारों के खिलाफ 15 दिन का विशेष अभियान चलाने जा रही है। जो अवैध कब्जा नहीं छोड़ेगा, उसे जेल जाना ही होगा।
चौधरी चरण सिंह डिग्री कालेज हैंवरा में जिला सहकारी बैंक की 67 वीं सामान्य निकाय की बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को मानक के अनुसार न करने वाले अधिकारी अब नपेंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को मजबूती दी है। सहकारिता आंदोलन का लक्ष्य किसानों की खुशहाली है। जो काम दूसरी सरकार 30 साल में नहीं कर पाई वो सपा ने 4 साल में पूरा कर दिखाया है।
कहा कि 2017 में फिर सरकार बनानी है। गांव-गली में जाकर प्रचार-प्रसार करने में कोई कसर न छोडे़ं। बैठक में भाग लेने आए सभी सदस्यों को मंत्री ने दो-दो पौधे गिफ्ट किए। कार्यक्रम का संचालन केके डिग्री कालेज के अध्यक्ष लक्ष्मीपति वर्मा ने किया। इस मौके पर पीसीएफ चेयरमैन अंकुर यादव, जिलाध्यक्ष अशोक यादव, उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह सेंगर, कुमदेश चंद्र, विधायक सुखदेवी वर्मा, विधायक प्रदीप यादव, भारत सिंह यादव ठेकेदार, संतोष शाक्य, शरद यादव भरथना, हरिओम यादव, महावीर सिंह यादव, ठाकुर भोला सिंह आदि मौजूद रहे।
ज्यादा नौकरी मांगोगे तो कहीं और से चुनाव लड़ेंगे
सैफई। बड़ी संख्या में नौकरी के लिए आवेदन देने वालों को भी शिवपाल ने चेताया। कहा कि ज्यादा नौकरी मांगोेगे तो वे जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र छोड़कर किसी और जगह चुनाव लड़ने चले जाएंगे।