चकरनगर। सहसो थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के पास फूप-चौरेला मार्ग पर डीसीएम और डंपर फंसने से सुबह पांच बजे जाम लग गया। इसके चलते सिरसा से रानीपुरा गांव तक डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मसक्कत के साथ साढ़े नो घंटे के बाद जाम खुलवाया।
फूप-चौरेला मार्ग पर तोरी से भरी डीसीएम फूप की ओर से आ रही थी। तभी वह सिरसा गांव के पास में सड़क के किनारे फंस गई। तभी पीछे से आ रहे डंपर चालक ने जल्दबाजी दिखाते हुए वाहन को निकालना चाहा तो वह भी फंस गया। इससे वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया। फूप-चौरेला मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महाराष्ट्र से उज्जैन के लिए जा रहीं दो टूरिस्ट बसों में बैठे यात्री भी परेशान हुए।
वहीं, बल्जुपूरा में हनुमान जी की मूर्ति समय से न पहुंचने के कारण कार्यक्रम में देरी हुई। खंभे में वाहन की टक्कर लगने से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। काफी इंतजार के बाद जाम नही खुलने पर लोग पैदल ही निकल पड़े। पुलिस की मदद से साढे नो घंटे बाद जाम को खुलवाकर आवागमन बहाल करवाया गया। सहसो थाना प्रभारी रण बहादुर सिंह ने बताया कि सुबह जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी थी। क्रेन की मदद से डीसीएम निकलवा कर जाम खुलवा दिया गया हैं।
बल्जुपुरा निवासी वीरेंद्र सिंह भगत ने बताया सुबह से गाड़ी जाम में फंसी है। हमारे यहां हनुमानजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम है। मुझे कार्यक्रम की चिंता सता रही है।
मंजू बाई ने बताया कि उज्जैन जा रही हूं। दोनों बसों में काफी लोग परेशा हैं। पांच घंटे से जाम खुलने का इंतजार कर रही हूं। एक बज गया अभी तक खुला नहीं है।
राम प्रतिष्ठा के लिए सजा नेरचौक बाजार संवाद