बकेवर। भरथना रोड पर चौड़ीकरण के लिए खोदा गया फुटपाथ लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण करा रहे ठेकेदार ने एक माह से सड़क के फुटपाथ को चौड़ीकरण के लिए खोद कर छोड़ दिया है। इससे आए दिन वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
भरथना बकेवर लखना चकरनगर मार्ग को दोनों तरफ से डेढ़ मीटर चौड़ा किया जा रहा है।पहले चरण का काम लगभग 80 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है। इससे सड़क की चौड़ाई सात मीटर हो जाएगी। इसके बाद फुटपाथ अलग से बनाया जाएगा। कस्बा बकेवर में इस मार्ग पर चौड़ीकरण के तहत सड़क का काम अभी नहीं हुआ है। ओवरब्रिज से लेकर बीआरसी तक एक ओर सड़क चौड़ीकरण का काम हुआ है जबकि सड़क के दूसरी बिजली घर की ओर सड़क की फुटपाथ को खोद कर छोड़ दिया गया है। यह कार्य एक माह पूर्व किया गया था। इसके कारण आवागमन में लोगों को काफी समस्या आ रही है।
सड़क से उतरकर जाने आने में गड्ढे के कारण कई बार वाहन सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसके बाद भी न तो ठेकेदार और न ही पीडब्ल्यूडी इस ओर ध्यान दे रहा है। वहीं इस संबध में निर्माण कार्य देख रहे पीडब्ल्यूडी सीडी थ्री के जेई चंद्र प्रकाश का कहना है कि चौड़ीकरण का कार्य अभी चल रहा है। जल्द ही कस्बे में भी चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।