बकेवर। नगर में स्थित 50 शैया अस्पताल में चिकित्सकों के नियमित न आने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को अस्पताल में सीएमएस और तीन अन्य चिकित्सकों ने ही मरीजों को देखा। सीएमएस ने अनुपस्थित तीन चिकित्सकों से जवाब-तलब किया है।
तमाम कवायदों के बाद भी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं ढर्रे पर नहीं आ पा रही हैं। शासन ने अस्पताल में सीएमएस सहित 10 चिकित्सकों की तैनाती की है। इसमें से कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों के नियमित न आने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल में प्रतिदिन 150 मरीज उपचार के लिए आसपास से आते हैं। बुधवार को भी लगभभग 140 मरीज दिखाने के आए। डॉक्टरों की संख्या कम होने की वजह से मरीजों को काफी-काफी देर इंतजार करना पड़ा।
दोपहर करीब 12 बजे एक इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. सतेंद्र साहू, बालरोग विशेषज्ञ डॉ. तैय्यब व दंत रोग की डॉ. शाहना मौजूद थीं। सीएमएस डॉ. वीरेंद्र भारती अपने केबिन में मौजूद थे। सीएमएस ने बताया कि गैरहाजिर तीन चिकित्सक से जवाब मांगा जा रहा है।